Haryana News

Haryana में पुरानी रंजिश के चलते 2 परिवारों में झगड़ा, लाठी-डंडों चलने के साथ हुए कई फायर, पार्षद और उसके गैंगस्टर भाई पर पड़ोसियों को पीटने का आरोप

गुरुग्राम

Haryana के जिला गुरुग्राम में दो परिवारों के बीच झगड़े में गोलियां चलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवर्तमान पार्षद ने गैंगस्टर भाई के साथ पड़ोसी परिवार पर लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। इस दौरान गोलियां चलाने का भी आरोप है। घटना में 4 से अधिक लोग घायल होने के साथ 4 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना की सूचना गुरुग्राम पुलिस को दी गई। इसके बाद गांव धनवापुर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

गौरतलब है कि गुरुग्राम में यह घटना शुक्रवार रात साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है। गांव धनवापुर के दो परिवारों में पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा शुरू हो गया। घायल लोगों के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले निवर्तमान पार्षद नवीन दहिया ने अपने गैंगस्टर भाई सहित बदमाशों के साथ दिनेश दहिया के घर पर अचानक पथराव करना शुरू कर दिया। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ लाठी डंडों से पीटा। इस दौरान कई फायर भी किए गए।

गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी भी शख्स को गोली नहीं लगी। पुलिस ने मौके से चार खोल बरामद किए हैं। घायल दिनेश के बेटे हिमांशु का कहना है कि करीब 15-20 लोगों ने उन पर हमला किया। इस दौरान करीब 40 से 50 फायर किए गए। घटना में उनके पिता और चाचा को चोटें आई हैं। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इस दौरान उनकी गाड़ियों पर पथराव किया गया। जिसके कारण उनकी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बारे में सूचना गुरुग्राम पुलिस को दी गई।

Whatsapp Channel Join

इस संबंध में गुरुग्राम के एसीपी शिव अर्चन का कहना है कि यह वारदात आपसी रंजिश के चलते हुई है। दोनों ही परिवार गांव धनवापुर निवासी हैं। इस घटना के दौरान निवर्तमान पार्षद और उसके भाई सुनील उर्फ तोता के शामिल होने का शक जताया है। गांव में 2 दर्जन से ज्यादा पुलिस के जवान तैनात किए गए। पुलिस आगामी जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि सुनील दहिया उर्फ तोता दो दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। वह तोता गैंग का सरगना है। नवीन दहिया ने आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है।