Kuldeep Bishnoi

Haryana Politics : कुलदीप बिश्नोई की घर (कांग्रेस) वापसी पर पूर्ण विराम, बोलें मैं संघ परिवार और भाजपा का साधारण कार्यकर्ता, 29 अप्रैल को चौटाला और बिश्नोई के एक मंच पर होने की चर्चा

राजनीति हिसार

Haryana Politics : हरियाणा में हिसार लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई ने सोमवार को घर (कांग्रेस) वापसी की चर्चाओं का खंडन किया है। कुलदीप ने इन चर्चाओं को लेकर सोशल मीडिया के एक्स पर एक पोस्ट डाली है। जिसमें कुलदीप बिश्नोई ने उनके कांग्रेस में जाने की तेजी से फैल रही अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया है। उन्होंने खुद को भाजपा का साधारण कार्यकर्ता बताया है।

सोशल मीडिया के एक्स पर डाली गई पोस्ट में कुलदीप बिश्नोई ने लिखा है कि सोशल मीडिया में मेरे कांग्रेस में जाने की खबरें चलाई जा रही हैं, जो पूरी तरह से भ्रामक और निराधार हैं। मैंने संघ परिवार और भारतीय जनता पार्टी का साधारण कार्यकर्ता बनकर काम किया है, आगे भी संघ परिवार और पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करता रहूंगा। बता दें कि भाजपा ने इस बार हिसार लोकसभा सीट से रणजीत चौटाला को अपने प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले कुलदीप बिश्नोई यहां स्वयं चुनाव लड़ना चाह रहे थे। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर नाराजगी भी जाहिर की थी। इसके बाद उन्होंने रणजीत चौटाला के प्रचार से भी दूरी बना ली। इसके अलावा वह एक बार भी उनके कार्यालय में नहीं गए। कुलदीप बिश्नोई के समर्थक भी उन पर लगातार कोई फैसला लेने का दबाव बना रहे थे।

कुलदीप खंडन

वहीं हिसार में भाजपा की ओर से 20 अप्रैल को आदमपुर हलके में रणजीत चौटाला के साथ भव्य बिश्नोई के प्रचार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह शेड्यूल भव्य की जानकारी में था। इसके बावजूद भव्य प्रचार करने आदमपुर नहीं पहुंचे और दिल्ली रवाना हो गए। इसके जवाब में भव्य की टीम ने कहा था कि उन्हें शेड्यूल के बारे में नहीं पूछा गया। बताया जा रहा है कि भव्य को रणजीत चौटाला के साथ आदमपुर, किशनगढ़, चूली बागड़ियान, मोहब्बतपुर, मोडाखेड़ा और कालीरावण गांव में प्रचार के लिए जाना था।

Whatsapp Channel Join

उधर पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुलदीप बिश्नोई से मुलाकात कर उनकी नाराजगी दूर करने में अहम भूमिका निभाई है। इसी के तहत अब कुलदीप ने भी भाजपा में ही रहने की बात साफ कर दी है। चर्चा है कि 29 अप्रैल को आदमपुर में होने वाली रैली में रणजीत सिंह चौटाला और कुलदीप बिश्नोई एक मंच पर आ सकते हैं। इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा से टिकट के दावेदार रहे कैप्टन अभिमन्यु भी मंच पर रह सकते हैं।

अन्य खबरें