हरियाणा के रोहतक पीजीआई के सुरक्षा कर्मियों ने आज हड़ताल करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिसके कारण पीजीआई की सुरक्षा रामभरोसे चल रही है। उन्होंने इकट्ठे होकर वीसी के आवास का घेराव किया। गार्डों का कहना है कि सिक्योरिटी इंचार्ज द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है, जिसके कारण वे यह कदम उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समाधान नहीं निकलेगा यह धरना इसी तरीके से जारी रहेगा।
ड्यूटी और छुट्टी के लेकर विवाद
गार्डों ने कहा कि उनसे निर्धारित समय से अधिक समय तक ड्यूटी करवाई जा रही है। ड्यूटी से करीब एक घंटा पहले गार्डों को बुला लिया जाता है और काफी समय बाद छुट्टी दी जाती है। वहीं गार्डों की वर्दी को भी बदला जा रहा है, जिसका सभी सुरक्षा कर्मी विरोध कर रहे हैं।
सुरक्षा कर्मी अनिल कुमार ने कहा कि पहले वे निर्धारित समय से 15 मिनट पहले आते थे और अपनी हाजिरी लगवाने के बाद ड्यूटी पर जाते थे। लेकिन अब फरमान जारी कर दिया कि समय से करीब एक घंटा या 50 मिनट पहले आना होगा। वहीं ड्यूटी खत्म होने के काफी समय बाद ही उन्हें छुट्टी मिलती है। जिसके कारण उनको करीब डेढ़ घंटा अतिरिक्त ड्यूटी करनी पड़ रही है।
गार्ड्स का आरोप टाइम टेबल बदलने से जल्दी ड्यूटी पर पहुंचने को लेकर गार्ड्स हो रहे दुर्घटना के शिकार
सुरक्षा कर्मचारियों का कहना है कि नए सिक्योरिटी इंचार्ज ने उन पर प्रेशर बना रखा है और नौकरी के समय से 15 मिनट पहले आने और 15 मिनट बाद में जाने का दबाव बनाया जा रहा है। जल्दबाजी में ड्यूटी पर पहुंचने के चक्कर में कर्मचारी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। आज भी तीन कर्मचारियों को चोट लगी है। अगर हमारी मांगों को नहीं माना गया तो धरना प्रर्दशन ऐसे ही चलता रहेगा।

