हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लिए काम किया है। 10 साल में भारत मजबूती से विश्व पटल पर उभरकर सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में इतने काम कर दिए है कि कांग्रेस को लगा कि अब उनका समय नहीं आएगा। ऐसे में वह झूठ बोल रहे हैं। इंडिया गठबंधन में नेतृत्व का तो पता ही नहीं है। राहुल गांधी वायनाड को छोड़कर अब रायबरेली भाग गए हैं।
यह बातें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार शाम को सोनीपत के खरखौदा में भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली की ओर से आयोजित विजय संकल्प रैली के दौरान संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में धरती से लेकर पाताल तक घोटाले हुए हैं। कांग्रेस को जब लगा कि उनकी दाल नहीं गल सकेगी तो अब झूठा प्रचार शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतने विकास कार्य करा दिए हैं कि कांग्रेसी परेशान हैं। कांग्रेस के पास न तो नीति है और न ही नीयत है।

लोकसभा सोनीपत के खरखौदा में भाजपा द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश सचिव पंडित उमेश शर्मा भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से लेकर कांग्रेस तक पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मोहनलाल बड़ौली मेरा लाडला भाई है, भाग जागे तो इनके जैसे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पहले भी थे, राज पहले भी था और पहली बार छोटूराम का सम्मान करने के लिए कोई प्रधानमंत्री आया है तो वह नरेंद्र मोदी है। राम मंदिर के लिए 75 साल से ज्यादा का इंतजार करना पड़ा।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने ग से गणेश पढ़ाने की बजाय ग से गधा पढ़ाने का काम किया गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के गायब होने का पाप कांग्रेस को जाता है। शहीदों का मान-सम्मान हाशिये पर रखा गया, जबकि आज के समय में एयरपोर्ट के नाम तक शहीदों के नाम पर रखे जा रहे हैं। अनुच्छेद 370 हटाने से लेकर तीन तलाक हटाने तक की ऐसी उपलब्धियां हैं, जिनसे देश गौरवान्वित महसूस करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंडमान निकोबार पर इतना बड़ा झंडा फहरा दिया है, वह कांग्रेसियों से नहीं उतर पाएगा। देश को फिर से सोने की चिड़िया बनाने का सपना मोदी का है। जिसका कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं, बल्कि कंफ्यूजन है। धनखड़ ने कहा कि यूसीसी लेकर आएंगे। धारा 370 ऐसे टूट गई, जैसे खरखौदा की रामलीला में धनुष टूट गया। उन्होंने कहा कि हम भारत माता की जय को बुलंद करने को लेकर वोट मांगने आए हैं।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश में किए गए विकास कार्यों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं का बखान भी किया। उन्होंने लोकसभा सोनीपत से उम्मीदवार मोहनलाल बड़ौली के लिए जनता से वोटों की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा के पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा, गन्नौर विधायिका निर्मल चौधरी, सतीश नांदल, जिलाध्यक्ष जसवीर दोदवा, जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जवाहर सैनी, पहलवान योगेश्वर दत्त, कृष्णा गहलावत, देवेंद्र कादियान, मोनिका दहिया सहित कई भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।





