हरियाणा में Nuh के घासेड़ा गांव में बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे एक ऑटो ने रोड पर खड़े एक पानी के टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 8 स्कूली बच्चे घायल हो गए। इनमें से 3 बच्चे गंभीर हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घासेड़ा गांव के रहने वाले सभी बच्चे ऑटो में बैठकर गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ने जा रहे थे। जब वे स्कूल के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार में चल रहे ऑटो ने रोड पर खड़े एक पानी के टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ऑटो में बैठे बच्चे घायल हो गए और ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे को देख मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को घायल अवस्था में ऑटो से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में इलाज के लिए पहुंचाया।
घायलों में सलमान (10), आसमा (15), नाजरीन (12), साबरुन (11), फरान (10), रियाज (9), अफसा (10) और उसमान (10) शामिल हैं। इनमें सलमान, नाजरीन व अफसा ज्यादा सीरियस बताए गए हैं। वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार के मुस्ताक का आरोप है कि हमारे परिवार के ऑटो का दूसरे पक्ष के 2 बाइक सवार लोग डंडा लेकर रास्ता रोक रहे थे। इनसे बचने के चलते ऑटो का बैलेंस बिगड़ गया और हादसा हो गया।







