Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव को लेकर हाल ही में एक दिन पहले राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) द्वारा किए गए भाजपा को लेकर दावे के बाद अब राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने बड़ा दावा किया। योगेंद्र यादव का कहना है कि भाजपा को चुनाव में 272 सीटें नहीं मिल पाएंगी। इस चुनाव में भाजपा को 50 से ज्यादा सीटों का नुकसान होता दिख रहा है।
राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि वह अपने 35 साल के तजुर्बे के आधार पर कह रहे हैं कि भाजपा की 272 सीटें कतई नहीं आ रही हैं। वर्ष 2024 में हो रहे लोकसभा चुनाव में भाजपा को कम से कम 50 सीटों का नुकसान होता दिखाई दे रहा है। इस दौरान योगेंद्र यादव ने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के दावों का भी जिक्र किया।

योगेंद्र यादव का कहना है कि उन्होंने आमतौर पर देखा है कि प्रशांत किशोर अपने राजनीतिक रुझानों को अलग रखकर मूल्यांकन करते हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि में डेंट लगा दिखाई दे रहा है। राम मंदिर उस तरह का मुद्दा नहीं है, वह कह रहे हैं कि भाजपा के खिलाफ एक तरह की एंटी-इनकम्बेंसी है, भाजपा की सीट 303 से बढ़ेगी, लेकिन यह बात तर्कसंगत नहीं लगती।

वहीं योगेंद्र यादव का कहना है कि कांग्रेस बहुत ज्यादा जगह पर डैमेज नहीं कर पा रही है। एक-दो जगह नुकसान पहुंचाती दिख रही है। बंगाल में भाजपा और टीएमसी में सीधा मुकाबला दिखाई दे रहा है। जिसे वह ड्रॉ मानते हैं। ओडिशा में भाजपा इंप्रूव कर रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में एनडीए को कम से कम 15 सीटों का साफ नुकसान होता दिखाई दे रहा है।

गौरतलब है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को एक इंटरव्यू में दावा किया था कि केंद्र में मौजूद मोदी सरकार के खिलाफ न कोई खास असंतोष है और न ही मजबूत विकल्प। प्रशांत का कहना था कि मोदी के नेतृत्व में एनडीए तीसरी बार फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा था कि भाजपा इस बार वर्ष 2019 की 303 सीटों के करीब या उससे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर सकती है।







