हरियाणा के Rewari जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक युवक के साथ लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट की वारदात हुई। इनोवा कार में सवार दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज छीन लिए। एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछकर खाते से 45 हजार रुपए निकाल लिए। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के सीकर जिले के गांव सुंदरिया दातारामगढ़ निवासी सुवालाल मुवाल ने बताया कि वह टपूकड़ा में एक सोसायटी में रह रहा है और भिवाड़ी में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। बीती रात उसे घर से जरूरी काम के लिए फोन आया और वह टपूकड़ा से अपने गांव जाने के लिए निकला। वह रेवाड़ी के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर हाईवे के फ्लाईओवर पर वाहन का इंतजार कर रहा था।
लिफ्ट लेकर इनोवा कार में सवार हुआ:
इसी दौरान एक इनोवा कार उसके पास रुकी और जयपुर जाने की बात कही। सुवालाल को जयपुर बाइपास पर जाना था, इसलिए वह कार में सवार हो गया। कार में पहले से दो युवक बैठे थे। लगभग 2 किलोमीटर चलने के बाद, अचानक कार की अगली सीट पर बैठे युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके अलावा, आरोपियों ने उसके एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, और क्रेडिट कार्ड भी छीन लिए।
पासवर्ड पूछकर 45 हजार रुपए निकाले
सुवालाल ने बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसका एटीएम कार्ड का पासवर्ड ले लिया। चलती कार से ही उसने शीशा खोलकर राहगीरों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कुछ देर बाद आरोपी उसे हाइवे पर फेंककर फरार हो गए। सुवालाल वापस अपने टपूकड़ा स्थित घर पहुंचा और किसी की मदद से तुरंत अपना खाता बंद कराया। लेकिन तब तक आरोपी उसके खाते से 45 हजार रुपए निकाल चुके थे। सुवालाल ने लूटपाट की सूचना तुरंत पुलिस को दी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।







