Gurugram में शनिवार को एक दुखद घटना में फैक्ट्री कर्मचारी की बस के नीचे आने से मौत हो गई। घटना के बाद साथी कर्मचारी बहुत गुस्से में आ गए और उन्होंने एक्सीडेंट करने वाली कंपनी(Company) की बस को तोड़ डाला। पुलिस जब कर्मचारियों को शांत करने पहुंची तो कर्मचारियों ने पुलिस पर भी पथराव किया।
गुस्साई भीड़ ने पुलिस की PCR वैन समेत अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी के बस ड्राइवर ने जानबूझकर उनके साथी मोनू को बस से कुचल दिया। मोनू की उम्र 24 साल थी और वह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का रहने वाला था। यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने जानबूझकर मोनू के ऊपर बस चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी देते हुए एक कर्मचारी ने बताया कि मोनू सुबह की शिफ्ट के लिए ड्यूटी पर आया था। कंपनी की बस सभी कर्मचारियों को लेकर आई थी। जब सभी कर्मचारी बस से उतर रहे थे, मोनू भी उसी बस से उतरा। तभी अचानक बस ड्राइवर ने लापरवाही से बस को पीछे की तरफ तेज गति से चलाया और मोनू को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोनू नीचे गिर गया और बस का टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ड्राइवर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर 35 स्थित पद्मिनी VNA कंपनी के एक कर्मचारी की दुर्घटना में मौत हो गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कर्मचारियों की भीड़ बहुत गुस्से में थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और कर्मचारियों को शांत किया।
क्राइम टीम ने जांच की शुरू
घटनास्थल पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और क्राइम टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक मोनू के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि बस ड्राइवर की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता है कि ड्राइवर को पकड़कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।







