महिला हेड कांस्टेबल ने कनाड़ा में मचाई धूम, कुश्ती में सिल्वर जीत किया देश का नाम रोशन

खेल पानीपत

हरियाणा के पानीपत जिले की हेड कांस्टेबल संतोष शर्मा ने कनाडा में हुई वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स में जिले का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम एक बार फिर रोशन किया है। संतोष ने कुश्ती प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंदी को पूरी टक्कर देते हुए सिल्वर मेडल जीतकर हरियाणा पुलिस का नाम रोशन किया।

पानीपत के सिवाह में मनाया जश्न

हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सिवाह निवासी रामनिवास शर्मा ने अपनी बेटी संतोष को वर्ष 2002 में अखाड़े में उतारा था। उस समय ग्रामीणों से लेकर रिश्तेदारों तक के विरोध का सामना करना पड़ा। आज उसी बेटी ने देश का गौरव बढ़ाया है। संतोष की इस उपलब्धि पर पूरा गांव खुश है और मेडल जीतने की खुशी में गांव में जश्न मनाया जा रहा है।

Whatsapp Channel Join

साक्षी मलिक, गीता फोगाट जैसी बड़ी खिलाड़ियों को दे चुकी हैं कोचिंग

2012 से 2014 में लखनऊ में इंडिया कैंप में ओलिंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, गीता फोगाट, बबीता फोगाट, गीतिका जाखड़ और ललित को कोचिंग देने वाली संतोष 14 गोल्ड समेत 45 पदक जीत चुकी है। संतोष बताती हैं कि उन्हें हर कदम पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

संतोष ने अगस्त 2017 में US के कैलिफोर्निया में विश्व पुलिस गेम्स में 63 किलोग्राम में स्वर्ण और प्लस 75 किलोग्राम में कांस्य पदक जीते। 2019 में चीन में हुई विश्व पुलिस गेम्स में सिल्वर मेडल जीता। इससे पहले संतोष ऑल इंडिया कुश्ती चैंपियनशिप में 4, इंडिया फेडरेशन कप में 4, सीनियर नेशनल में 3, जूनियर नेशनल में 3 स्वर्ण पदक सहित 45 पदक जीत चुकी हैं।

कैसे शुरु की कुश्ती की शुरुआत

कुश्ती खिलाड़ी संतोष शर्मा, पिता के साथ 2002 में दंगल देखने गई थी। जहां पर लड़कियों को कुश्ती करते देख संतोष ने भी कुश्ती खेलने की इच्छा जताई। इसके बाद उसके पिता ने उसे पद्मश्री मास्टर चंदगीराम के अखाड़े में छोड़ दिया, जहां से उसने प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया।

साल के अंदर ही बनी नेशनल चैंपियन

एक साल के अंदर संतोष नेशनल चैंपियन बन गई। सितंबर 2003 में खेल कोटे से हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुई। 2005 में बलाना गांव निवासी अनिल गौतम से शादी की। वह इंडियन रेसलिंग की कोच भी रह चुकी हैं। इतने मेडल जीतने के बाद भी संतोष सिर्फ हेड कांस्टेबल पद पर हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं।

पिछले साल जीता था गोल्ड़

संतोष शर्मा को कनाडा में हुई प्रतियोगिता में इस साल सिल्वर पदक से संतोष करना पड़ा। लेकिन इतने कड़े मुकाबले में सिल्वर मेडल जीता, इससे संतोष ही नहीं, बल्कि पानीपत और हरियाणा पुलिस में खुशी का माहौल है। पिछले साल संतोष ने इसी प्रतियोगिता में नीदरलैंड में गोल्ड मेडल जीता था।