हरियाणा के Sonipat में पब्लिक हेल्थ विभाग के बेलदार और उसकी पत्नी द्वारा सरकारी क्वार्टर में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जहां सुबह बलवंत ट्यूबवेल चला कर लौटा तो पत्नी फांसी के फंदे पर लटक रही थी, उसको देखकर बलवंत ने भी जहर खा कर जान दे दी। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर बचा नहीं सके। दोनों के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं मामले को लेकर परिजनों ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सोनीपत के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के बने हुए क्वार्टर में सुबह दंपत्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद हड़कम्प मच गया। जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान बलवंत (50) और पत्नी वीना (45) के तौर पर हुई है। पति-पत्नी सोनीपत में गोहाना रोड पर बने पब्लिक हेल्थ के स्टाफ क्वार्टर में रहते थे। बलवंत पब्लिक हेल्थ में बतौर बेलदार था। जहां उनकी ड्यूटी शहर में पेयजल सप्लाई के लिए सुबह शाम ट्यूबवेल चलाने में लगी हुई थी।
20 साल से रह रहे थे सोनीपत

बलवंत व मीना मूल रूप से उत्तराखंड के जिला बागेश्वर के गांव असो के रहने वाले हैं। करीब 20 साल से सोनीपत में ही रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक बलंवत सोमवार सुबह ड्युटी पर गया था। वह टयूबवेल चला कर क्वार्टर पर लौटा तो उसकी पत्नी वीना फंदे से लटक रही थी। उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद बलवंत ने भी आनन फानन में जहर खा लिया। उसके रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी क्वार्टर पर पहुंचे तो वह तड़प रहा था।
आसपास के लोगों ने बलवंत को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस बीच पुलिस भी सूचना के बाद उनके क्वार्टर पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद वीना के शव को अस्पताल भेजा गया। पति-पत्नी दोनों के शवों को मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। दंपति का एक बेटा व एक बेटी है। उनका बेटा चंडीगढ़ में रहकर प्राइवेट जॉब कर रहा है। वहीं उनकी बेटी विवाहित है और फिलहाल कनाडा में रह रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी उनके बेटे को दी है।







