आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर व्यक्त की तीखी प्रतिक्रिया

पंचकुला राजनीति हरियाणा

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अनुराग ढांडा का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा था कि पेपर सेट करना सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। क्लर्कों को 35400 वेतन और किसानों को मुआवजा नहीं दिया जा सकता तो मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

अनुराग ढांडा ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि जैसे पूरा हरियाणा हड़ताल पर चल रहा है। हर जिला मुख्यालय पर क्लर्क हड़ताल पर बैठे हैं। आशा वर्कर विधायकों और मंत्रियों के घर का घेराव कर रही हैं, लेकिन सरकार फिर भी चुप बैठी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि सीईटी के बच्चों की परीक्षा, पेपर सेट करना सरकार का काम नहीं है। इसका मतलब यह है कि सीएम खट्टर बच्चों के पेपर नहीं करवा सकते। वह क्लर्कों को 35400 वेतन और आशा वर्करों को पक्का नहीं कर सकते। कर्मचारियों को ओपीएस नहीं दिया जा सकता। सरपंचों को उनके अधिकार नहीं दिए जा सकते। महिलाओं को सुरक्षा, बाढ़ पीडि़तों को मुआवजा और लोगों को पुलिस सुरक्षा नहीं दी जा सकती, तो मुख्यमंत्री कुर्सी से क्यों चिपक कर बैठे हैं। ऐसे में जनता को परेशान करना गलत है।

प्रदेश नहीं संभल रहा तो रिटायरमेंट लें सीएम

Whatsapp Channel Join

आप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि उनका सवाल है कि जब लोगों की समस्याओं को दूर नहीं किया जा सकता तो मुख्यमंत्री कुर्सी से क्यों चिपके हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की रिटायरमेंट का समय नजदीक आ गया है। उन्हें सेवानिवृत्ति ले लेनी चाहिए। जब मुख्यमंत्री से प्रदेश नहीं संभल रहा और हरियाणा नहीं चल रहा तो उन्हें अपनी जगह किसी अन्य व्यक्ति को मौका देना चाहिए। जिससे प्रदेश की स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।