Bhiwani : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाने वाली सेकेंडरी/ सीनियर सेकेंडरी (नियमित) एवं गुरूकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) वार्षिक परीक्षा मार्च-2025 के लिए बिना विलम्ब शुल्क ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 3 दिसंबर निर्धारित की गई थी, जिसे अब दो दिन और बढ़ा दिया गया है। अब 5 दिसम्बर तक बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर करें लॉगिन
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि 300 रुपये विलंब शुल्क सहित 6 से 9 दिसंबर और 1000 रुपये विलंब शुल्क सहित 10 से 15 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय/गुरूकुल/विद्यापीठ ऑनलाइन पंजीकरण के लिए शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर लॉगिन करना होगा। सभी आवश्यक दिशा-निर्देश विद्यालय की लॉगिन आई.डी. पर उपलब्ध हैं।
आवेदन करते समय विवरण सही से जांच लें
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि सभी संबंधित विद्यालय के मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि उनके द्वारा जिन परीक्षार्थियों के ऑनलाइन आवेदन भरे जाने हैं, उनके विवरण विद्यालय रिकार्ड अनुसार सही होने चाहिए। इसलिए आवेदन करते समय विवरणों को भली-भांति जांच लें। यदि आवेदन-पत्र में किसी प्रकार की कोई त्रुटि पाई जाती है तो विद्यालय मुखिया स्वयं जिम्मेवार होंगे। परीक्षा आरंभ होने पर फोटो/हस्ताक्षर संबंधित त्रुटि ठीक नहीं की जाएगी।







