Sonipat जिले में TB मुक्त अभियान की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार को विधायक निखिल मदान ने सामान्य अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और टीबी जांच के लिए 3 मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
टीबी के लक्षणों पर जोर
विधायक ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बलगम में खून, वजन घटने, पसीना आने, या शाम के समय बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत जांच कराए।

100 दिनों तक चलेगा अभियान
जिले में 100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत वैन ग्रामीण इलाकों में जाकर जांच करेंगी। हर वैन में रेडियोग्राफर, लैब टेक्नीशियन और अन्य स्टाफ मौजूद होगा। वैन में प्रतिदिन 700 लोगों की स्क्रीनिंग और 150 लोगों के एक्स-रे किए जाएंगे। रिपोर्ट तुरंत प्रदान की जाएगी और संदिग्ध मरीजों की पहचान मौके पर ही होगी।
आधुनिक टीबी सेंटर की योजना

विधायक ने जानकारी दी कि नागरिक अस्पताल में 20 बेड का आधुनिक टीबी सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह योजना तैयार की जा चुकी है। साथ ही, एआई तकनीक से लैस पोर्टेबल मशीनों के जरिए मरीजों का बस के अंदर ही एक्स-रे किया जाएगा। टीबी संबंधित किसी भी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 11 66660 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों के लिए राहत
विधायक ने कहा कि इस अभियान के जरिए दूर-दराज के गांवों में भी इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीणों को अस्पताल आने की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने पीएमओ गिन्नी लांबा और अन्य स्टाफ के साथ टीबी मुक्त भारत का संकल्प लिया। मौके पर संजीव, ज्योति, कुलदीप वत्स और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।





