Kisan Andolan Live : पंजाब के किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत 13 मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर से आज फिर दिल्ली कूच करेंगे। दोपहर 12 बजे 101 किसानों का जत्था रवाना होगा। किसान मजदूर मोर्चा के कोआर्डिनेटर सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि हमने 7 दिसंबर को बातचीत के लिए समय दिया था, लेकिन सरकार की तरफ से कोई मीटिंग का न्योता नहीं आया। अब किसानों ने आगे बढ़ने का फैसला किया है।
इससे पहले 6 दिसंबर को भी किसानों ने दिल्ली कूच करने की कोशिश की थी, लेकिन हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसमें 8 किसान घायल हो गए। इसके बाद पंधेर ने किसानों को वापस बुला लिया। हरियाणा पुलिस किसानों को रोकने के लिए पुल के ऊपर और नीचे करीब 1000 जवान तैनात किए हैं। 3 वाटर कैनन वाहन खड़े किए। आंसू गैस के गोलों के डिब्बे भी रखे हैं।

घायलों को ले जाने के लिए 3 एंबुलेंस के अलावा 4 गाड़ियां तैनात की हैं। आंसू गैस के गोलों से निपटने के लिए 500 मीटर के दायरे में पानी की टंकियां और बोरियों का इंतजाम किया है। किसानों को चश्मे भी दिए गए हैं।
पंजाब की तरह घायलों को ले जाने के लिए एंबुलेंस की संख्या बढ़ाई जा रही है। अब तक 3 एंबुलेंस तैनात कर दी हैं। 6 दिसंबर को एक ही एबुलेंस तैनात की थी। इसके अलावा किसानों ने अपनी गाड़ियां भी खड़ी की हैं। शंभू बॉर्डर पर किसानों ने मंच से पीछे रस्सी लगा दी है। इसके आगे जाने की अनुमति दिल्ली रवाना होने वाले 101 किसानों और मीडिया को है। यहीं बैठकर किसान सतनाम वाहेगुरु का जाप कर रहे हैं।

सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि आमरण अनशन को 13 दिन हो गए हैं। हमारा कार्यक्रम शांतिपूर्ण चल रहा है। सरकार हमें न दिल्ली जाने दे रही है और न ही हमारी समस्याओं का हल कर रही है। भगवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सद्बुद्धि दें और हमारे मसलों को हल करें।

सरकार को ऐसा लगता है कि हमारे खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाकर सफल हो जाएंगे। सरकार को टकराव की नीति छोड़कर मसलों को हल करना चाहिए। हमारा 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी के पानीपत के कार्यक्रम का विरोध करने का कोई प्रोग्राम नहीं है।







