Haryana में रविवार को पंचकूला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और अंबाला में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और घने कोहरे की संभावना है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है।
कुरुक्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री रहा, जो सबसे कम है। हिसार में रात का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां की रात सबसे ठंडी रही। मौसम में बदलाव के कारण हरियाणा के जिलों का एक्यूआई 200 से नीचे आ गया। बहादुरगढ़ का एक्यूआई 165, हिसार का 156 और कैथल का 106 रिकॉर्ड किया गया। 10 से 13 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तर और पश्चिमी हवाओं के कारण रात का तापमान और गिरेगा। सुबह के समय कुछ जिलों में धुंध छाई रह सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव हो रहा है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। साथ ही वायु गुणवत्ता में सुधार देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक फसलों की विशेष निगरानी रखें।







