हरियाणा के सोनीपत के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ललित सिवाच ने बताया कि पंचायत आम चुनाव-2023 के अंतर्गत जिला के गांव जुआं-1 में रविवार को पंच व सरपंच पद के लिए मतदान शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सरपंच पद के लिए 04 अम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जिनमें सुशीला देवी ने 1245 वोट से जीत हासिल की। वहीं सरपंच पद के लिए रिंकू देवी दूसरे स्थान पर रही।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न व निष्पक्ष करवाने के लिए प्रशासन द्वारा गांव में हर पहलु पर ध्यान रखा गया, जिसके परिणाम स्वरूप गांव जुआ-1 में सरपंच व पंच पद का चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि गांव जुआं-1 में पंच पद के लिए कुल 14 वार्डों में वार्ड नंबर 2, 3, 4, 6, 8, 9, 10, 12, 13 तथा 14 के लोगों ने सर्व सहमति से पंच उम्मीदवार को चुनाव कर लिया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर 5 के लिए किसी उम्मीदवार ने अपना नामांकन नहीं किया। उन्होंने बताया कि बचे हुए वार्ड 1, 7 व 11 के लिए पंच का चुनाव आज संपन्न हुआ।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने जीत हासिल करने वाले सरंपच और पंचों को बधाई दी और कहा कि जिस विश्वास के साथ गांवों के लोगों ने तुम्हें अपने प्रतिनिधि के तौर पर चुना है आप सभी भी उसी विश्वास को कायम रखने के लिए उनके विकास व भलाई के लिए कार्य करें ताकि गांवों विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए जिला में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए उन्हें प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

