रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान गर्वनर ने परेड का निरीक्षण किया। इसी दौरान एक छात्र और एनसीसी कैडेट को चक्कर आ गया। इसके बाद वहां मौजूद अफसरों ने उन्हें संभाला। दोनों की हालत स्थित है।
एमडीयू में राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले राज्यपाल ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार एक पर राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां कर ली हैं। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाले समारोह में दो मंच तैयार किए गए हैं।
मुख्य मंच के दाएं तरफ पंडाल में मीडिया कर्मियों, प्रशंसा पत्र प्राप्त करने वाले महानुभावों, मातृ भाषा हिन्दी आन्दोलन के सत्याग्रहियों आदि के लिए बैठने के प्रबंध किए गए हैं।
पार्किंग की व्यवस्था की
स्वतंत्रता दिवस समारोह के राज्य स्तरीय समारोह के दृष्टिगत आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा व यातायात के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। स्टेडियम परिसर में वाहनों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को स्टेडियम परिसर तक ले जाने के लिए भी बसों की व्यवस्था की गई है।
हरियाणा की बेटियों ने किया खेलों में देश का नाम रोशन-राज्यपाल
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत से बलिदानियों ने अपने प्राण न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई है। उस आजादी को हमें संजो कर रखना है। वह उन शहीदों को नमन करते हैं जिन्होंने इस आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने खेलों के मामले में पूरे देश में ही नहीं विश्व में नाम रोशन किया है और हरियाणा सरकार उन खिलाड़ियों को अपनी खेल नीति के तहत कैश अवार्ड से भी सम्मानित करती है। उन्होंने कहा कि खेलों में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से भी बेहतर रहा है। इसलिए कहा जा सकता है कि लड़कियां लड़कों से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देश के हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं देने का संकल्प उठाया है।
किसानों को मिल रहा सम्मान निधि योजना का लाभ
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं की सशक्तिकरण को लेकर कदम उठा रही है और महिलाओं के विरुद्ध अपराध को रोकने के लिए महिला पुलिस थाने खोले गए हैं। कृषि हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। जिसमें सालाना ₹6000 दिए जा रहे हैं।
साथ ही हरियाणा सरकार सभी गांव को लाल डोरा मुक्त करने की योजना पर भी कम कर रही है। अपने संबोधन के बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने परेड की सलामी ली और रोहतक जिले के कई स्कूलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। जिसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

