Bhiwani में जिले के बवानी खेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव किरावड़ में एक 17 वर्षीय युवती ने पड़ोसी लड़के से तंग होकर शुक्रवार दोपहर को शरीर पर तेल डालकर आग लगा ली। इस घटना में युवती का शरीर बुरी तरह जल गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के भाई मोहित के बयान पर पड़ोस के युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मोहित ने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह अपनी बहन के साथ किरावड़ गांव में रहते हैं।
मोहित के अनुसार, उनका पड़ोसी युवक उनकी बहन को लंबे समय से तंग कर रहा था, जिससे परेशान होकर उसकी बहन ने यह खौ़फनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जली हुई हालत में युवती को भिवानी नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के भाई की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और आगे की जांच की जा रही है।





