Panipat में आमजन के साथ दुर्व्यवहार के मामले में मॉडल टाउन थाना में तैनात हेड कांस्टेबल राजू को एसपी लोकेंद्र सिंह ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य है कि वह पब्लिक के साथ मिलकर कानून व्यवस्था बनाए और अपराध पर अंकुश लगाए।
दुर्व्यवहार और धमकी का आरोप
मॉडल टाउन निवासी एक व्यक्ति ने एसपी लोकेंद्र सिंह के सामने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 दिसंबर की रात करीब 1 बजे, जब वह ओमाया रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहा था, तभी हेड कांस्टेबल राजू ने बिना किसी कारण दुर्व्यवहार और गालियां दी।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि राजू ने शराब पी हुई थी और उसे धमकी देने के लिए डंडा लेकर आया। शिकायतकर्ता ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने लिया संज्ञान
एसपी लोकेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स को जांच का जिम्मा सौंपा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने राजू को तुरंत सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच के आदेश जारी किए। एसपी ने कहा कि इस तरह के दुर्व्यवहार से पुलिस की छवि खराब होती है और कार्यप्रणाली प्रभावित होती है। उन्होंने साफ किया कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही और दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पुलिस अधिकारियों से सरलता से बातचीत करें। यदि किसी पुलिसकर्मी का व्यवहार अनुचित हो, तो निसंकोच शिकायत करें। हर शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम पुलिस के आचरण को सुधारने और जनता के विश्वास को बनाए रखने की दिशा में एक अहम संदेश है।







