Chandigarh हरियाणा में शहरी निकाय चुनाव ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से ही कराए जाएंगे। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कांग्रेस की बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को खारिज कर दिया है। वहीं, चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन को समयबद्ध तरीके से चुनाव की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने हाल ही में ईवीएम पर भरोसा न होने की बात कही थी और निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की थी। हालांकि, चुनाव आयोग ने इस मांग को स्वीकार न करते हुए कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां ईवीएम के आधार पर की जा रही हैं।
राज्य चुनाव आयुक्त ने जिला उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे 6 जनवरी तक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 27 शहरी निकायों में वार्डबंदी और आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वोटर लिस्ट तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है। निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद की जाएगी।







