Yamunanagar खेड़ी लक्खासिंह चौकी के पास हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस की लापरवाही पर बड़ा एक्शन लिया गया है। इस मामले में पूरी पुलिस चौकी को निलंबित कर दिया गया था। अब लापरववाही बरतने के आरोप में 9 पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है।
26 दिसंबर को खेड़ी लक्खासिंह चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर ताबड़तोड़ गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में वीरेंद्र राणा, शराब ठेकेदार अर्जुन राणा और उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का पंकज मलिक शामिल थे। पुलिस कर्मियों पर आरोप लगे थे कि घटना के दौरान चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी न तो बदमाशों का पीछा करने बाहर आए और न ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घटना के बाद एसपी राजीव देशवाल ने चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को पहले निलंबित किया और अब जांच के बाद 9 कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दीं। इस मामले में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए एसपी से तुरंत सख्त कार्रवाई करने को कहा था।







