हरियाणा के कैथल जिले में हुए ई-रिक्शा चालक का मर्डर केस पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मर्डर के आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की हिरासत में आरोपी ने मर्डर करने की पूरी वारदात कबूली है। आरोपी ने कबूला कि अपने घर में सिर में चोटें मार उसने मर्डर किया और शव देवीगढ़ रोड पर छोड़ा। मामले की जांच थाना सिविल लाइन पुलिस प्रबंधक सब इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में एसआई कुलविंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी।
2 दिन के पुलिस रिमांड पर था आरोपी
इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सुभाष नगर कैथल निवासी दीपक को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में ही दीपक ने हत्या की वारदात को कबूल लिया। दीपक को बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर लिया गया, ताकि उससे पूछताछ के तहत वारदात में प्रयोग किए गए हथियार को बरामद किया जा सके।
मर्डर से पहले आरोपी ने पास बैठकर पिलाई थी शराब
देवीगढ़ रोड पर ई-रिक्शा चालक का शव सड़क पर खड़ी उसकी ही ई-रिक्शा में मिला। जानकारी के अनुसार मर्डर से पहले सोमवार रात के समय मृतक ने एक युवक के साथ शराब पी थी। इसके बाद ही उन दोनों में आपसी विवाद होने के बाद मर्डर होने की शक है। पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
राहगीर ने देखा था ई-रिक्शा में शव
मर्डर की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना एसएचओ राजकुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि गांव सेगा निवासी 37 वर्षीय सुरेंद्र ई-रिक्शा संचालक है। सुरेंद्र के पास तीन बेटे हैं। वह लंबे समय से शहर में ई-रिक्शा चला रहा था। सोमवार को रात के समय अपने घर नहीं गया। मंगलवार सुबह एक राहगीर ने उसका शव उसकी ही ई-रिक्शा में देखा।

