Panipat में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और पार्टी के एक अन्य प्रमुख व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार के आरोप में तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हो गया है। अखिल भारतीय किसान सभा, मजदूर संगठन सीटू, जनवादी महिला समिति, महिला खेत मजदूर यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पानीपत के लाल बत्ती चौक से आगे कट पर विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा अध्यक्ष के पुतले का दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जनवादी महिला समिति की जिला प्रधान संतरो देवी, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉक्टर सुरेंद्र मलिक और कई अन्य नेताओं ने किया। इन संगठनों ने भाजपा और संघ परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बलात्कार और यौन हिंसा के आरोपियों को बचाने की शरण स्थल बन चुका है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व में पहले हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह और सांसद बृजभूषण शरण जैसे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, और अब मोहनलाल बडोली भी इसी तरह के आरोपों से बचने के लिए राजनीतिक षड्यंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र पूरी तरह से महिला विरोधी है और आरोपियों को महिमा मंडित करना मानवता के खिलाफ है।

हिमाचल प्रदेश में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले को दबाने के लिए राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया गया। संगठनों ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो, और बडोली सहित अन्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही भाजपा से बडोली को निष्कासित करने की मांग भी उठाई गई है। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित महिला को सुरक्षा देने और मामले की त्वरित जांच की अपील की है, जिससे आरोपियों को सजा मिल सके।