शहीदों के सम्मान में ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान चला रही मोदी सरकार : डॉ. अर्चना

पानीपत हरियाणा

(समालखा से सिटी तहलका के लिए अशोक शर्मा की रिपोर्ट) भाजपा की जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है, जो हमारी मातृभूमि, भारत के प्रति देशभक्ति और श्रद्धा की भावना का प्रतीक है। मोदी सरकार शहीदों के सम्मान में यह अभियान चला रही है।

डॉ. अर्चना गुप्ता भाजपा चुलकाना मंडल के गांव किवाना में शहीदों के परिजनों और ग्रामीणों को संबोधित कर रही थी। इस दौरान शहीद रतन सिंह धीमान और होशियार सिंह छौक्कर के परिजनों ने मास्टर रामसिंह धीमान, मास्टर कुलदीप धीमान, ब्रह्मपाल छौक्कर के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष का फूलमालाओं और शाल भेंट कर अभिनंदन किया। जिला परिषद की चेयरमैन ज्योति शर्मा ने शहीदों के परिवारों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप अपने आपको अकेला ना समझें, पूरा देश आपके साथ खड़ा है।

दिल्ली के शहीदी पार्क में शहीदों को होगी सच्ची श्रद्धांजलि : कृष्ण छौक्कर

Whatsapp Channel Join

जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर ने कहा कि ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान सिर्फ एक अभियान नहीं है। शहीदों के घरों से जो पावन मिट्टी कलश के माध्यम से दिल्ली शहीदी पार्क लेकर जाएंगे। भविष्य में पार्क के बन जाने के बाद देश के लाखों लोग हर वर्ष वहां पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचेंगे, जो कि इन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कृष्ण छौक्कर ने कहा कि जिन भारत के वीरों और बहादुर आत्माओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिया, यह उनके लिए एकता का आह्वान है। साथ ही राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी को स्वीकार करने का आह्वान है। हमारे भीतर गर्व और समर्पण की भावना पैदा करने का आह्वान है।

राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है अभियान

इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जांगड़ा ने यहां पहुंचने पर सभी अतिथियों का स्वागत किया। सैनिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शिवकुमार फौजी ने कहा कि ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान हमारी राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस मौके पर ईश्वर सिंह नरायणा, सरपंच चेनपाल छौक्कर, सतपाल भारती, जितेंद्र सिंह, प्रह्लाद सिंह, प्रवीन स्वामी, राजिंद्र सिंह व मास्टर मनोज सहित सैंकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।