हरियाणा के हिसार में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। कांग्रेस नेता Ramniwas Rada, जो पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी से परेशान हैं, ने अब BJP से मेयर पद का टिकट मांगा है। माना जा रहा है कि उनकी पूर्व मंत्री कमल गुप्ता से नजदीकियां बढ़ गई हैं, और यह गठजोड़ कांग्रेस के लिए नया सिरदर्द बन सकता है।
कांग्रेस को ठहराया हार का जिम्मेदार
रामनिवास राड़ा, जो हिसार विधानसभा सीट से दो बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, ने हाल ही में हुए चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल से हार का सामना किया था। दिलचस्प बात यह है कि वह भाजपा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता से ज्यादा वोट लेने में सफल रहे थे। चुनाव में हार के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के ही नेताओं ने भीतरघात कर उन्हें हरवाया।
भाजपा में 157 नेताओं ने मेयर पद के लिए दावेदारी पेश कर दी है। इनमें से सबसे ज्यादा 41 दावेदार हिसार से हैं। दावेदारों में पूर्व सीएम मनोहर लाल के ओएसडी अमरजीत सोलंकी, रोहतक की पूर्व विधायक सरिता, पूर्व पार्षद सुरेश किराड़, सुखबीर चंदेलिया, ओम प्रकाश बागड़ी और रामअवतार बाल्मीकि समेत कई दिग्गज शामिल हैं।
रामनिवास राड़ा का सैनी समुदाय में प्रभाव है, और हिसार नगर निगम क्षेत्र में इस समुदाय के 25 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। ऐसे में भाजपा से टिकट मिलने पर उनके चुनावी समीकरण मजबूत हो सकते हैं।