हिसार में कांग्रेस पार्टी की ओर से विपक्ष आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बता दें कि इस कार्यक्रम की कमान स्वयं राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा संभाली गई। जिसके लिए राज्यसभा सांसद की ओर से व्हाट्सअप नंबर भी जारी किया गया, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की टीम बारे जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिसान को राजनीति का केंद्र बताने के साथ-साथ हरियाणा का दिल भी कहा। उन्होंने कहा कि हिसार के लोगों को नारेबाजी करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनसे जो उम्मीदें मैने की थी, उससे कई ज्यादा उन्होंने मेरी झोली में डाल दी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज मैं हिसार में जनता से वोट मांगने के लिए नहीं पहुंचा हूं, आज मैं अपनी कहने और हिसार की जनता की सुनने के लिए पहुंचा हूं।

भाजपा से किसान सहित कर्मचारी भी परेशान : हुड्डा
हुड्डा ने कहा कि आज प्रदेश में चल क्या रहा है, उसके बारे में कोई नहीं समझ सकता, क्योंकि कहीं एयरपोर्ट को लेकर रास्ते की मांग की जा रही है, तो कहीं किसानों द्वारा मुआवजे की मांग की जा रही है। इतना ही नहीं कर्मचारियों द्वारा अपनी सैलरी बढ़वाने के लिए धरना दिया जा रहा है। जिस पर सरकार की ओर से कोई गौर नहीं दिया जा रहा है। मांगों को लेकर बैठक की जाती और समझौता भी कर लिया जाता है, परंतु उसे लिखित में जारी नहीं किया जाता।
हिसार से मेरा लगाव शुरू से
उन्होंने कहा कि मैं हिसार वासियों से इजाजत लेने के लिए पहुंचा हूं कि मैं एक टक्कर भाजपा-जेजेपी सरकार से लेना चाहता हूं, क्या आप लोगों का साथ मिलेगा। यदि मैं जनता का भला नहीं कर सकता, तो कोई कर भी नहीं पाएगा। भाजपा-जजपा सरकार ने नए-नए पोर्टल बनाकर तमाशा किया हुआ है, इन सभी को खत्म कर देंगे। हिसार से मेरा लगाव शुरू से ही रहा है। इसलिए मैं इजाजत के लिए यहां पहुंचा हूं। कांग्रेस की सरकार आने के पश्चात पिछड़े वर्ग के साथ दलित वर्ग को 100-100 गज के प्लाट दिए जाएंगे। ओल्ड पैंशन स्कीम को कैबिनेट की बैठक में बहाल किया जाएगा। अब से हमारा एक ही नारा होना चाहिए कि भाजपा-जजपा को भगाओ, कांग्रेस सरकार को लाओ।
प्रदेश में चार हजार से भी अधिक फर्जी आयुष्मान कार्ड
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के समय में गरीब जनता के लिए स्वास्थ्य की योजना चलाई गई थी, जो कि ठीक प्रकार से चल रही थी, लेकिन भाजपा सरकार ने आयुष्मान योजना चलाई, जिसमें एक ही नंबर पर कई फर्जी नंबर रजिस्टर्ड हुए और उनमें से भी काफी संख्या में लोग इलाज से पहले ही मर चुके है। प्रदेश में करीब चार हजार से अधिक कार्ड फर्जी है, उनके नाम से पैसे निकाले गए। इतना ही नहीं प्रदेश में पेपर लीक हो रहे है।
प्रदेश विकास की दर में पहुंचा 17वें पायदान पर
वहीं राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विपक्ष आपके द्वार कार्यक्रम में पहुंची जनता भी चाहती है कि बदलाव की लहर अब जरूरी है, क्योंकि प्रदेश भी विकास की दर में 17वें पायदान पर पहुंच गया है और निवेश दर की बात की जाए, तो देशभर में सबसे पीछे चल रहा है। युवाओं को पढ़ने-लिखने के बाद भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है, उन्हें रोजगार के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। हरियाणा देश में किसान आंदोलन का पर्यायवाची बन गया है।
मैं भाजपा की आंखों में खड़कता हूं : दीपेंद्र
राज्यसभा सांसद ने कहा कि मैं भाजपा की आंखों में खड़कता हूं, इसलिए पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान पीएम द्वारा न जाने कितनी बार दौरा किया गया और जनसभाओं का आयोजन करवाया गया। जब महिला खिलाड़ी ने धरना दिया, तो नेताओं ने उसका निशाना भी मुझे बनाया, लेकिन ये भी मेरे निशाने पर है। इसलिए जब तक ये सरकार प्रदेश की सत्ता से बाहर नहीं होगी, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। हिसार के 9 विधायक लाइन लगाकर भाजपा की शरण में खड़े हैं। जजपा के घोटालों की पूरी लिस्ट नारनौंद विधायक रामकुमार गौतम के पास है।

