देर रात प्रवासियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के जमुई से सांसद चिराग पासवान पहुंचे। चिराग पासवान ने नीतीश कुमार और इंडिया गठबंधन पर जमकर सवाल उठा दिए। यही नहीं कार्यक्रम में पासवान ने राहुल गांधी के लद्दाख दौरे को लेकर भी तंज कसा है।
नीतीश कुमार हथकंड़े अपना रहे तरह-तरह के- पासवान
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट का नारा देने वाले लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास से सांसद चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उनकी राजनीतिक हत्या करवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लोक जनशक्ति पार्टी की लोकप्रियता को देखकर नीतीश कुमार तरह-तरह के हथकंड़े अपना रहे हैं। लेकिन अब वह हथकंडे चलने वाले नहीं है। बिहार में बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट की सरकार बनेगी और बिहार विकास की ओर अग्रसर होगा।
भानुमति का कुनबा ज्यादा दूर चलने वाला नहीं- पासवान
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की बदहाली के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री को तो यह भी आंकड़ा नहीं पता है कि पूरे देश या विश्व में प्रदेश के कितने लोग किस क्षेत्र में गए हुए हैं। अगर वे बिहार में विकास करते तो लोगों को काम धंधे के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। लेकिन अब बिहार का समय बदलने वाला है।
साथ ही उन्होंने कहा कि जो एनडीए के खिलाफ विपक्षी दलों ने गठबंधन बनाया है उसे पासवान इंडिया कहना पसंद नहीं करते। क्योंकि देश का नाम यह राजनीतिक लाभ के लिए प्रयोग कर रहे हैं। यह भानुमति का कुनबा ज्यादा दूर चलने वाला नहीं है और इसके लक्षण आने शुरू भी हो गए हैं।
राहुल गांधी के लद्दाख दौरे पर चिराग पासवान ने कसा तंज
राहुल गांधी की बात है तो वह मेहनत भले ही कर रहे हो लेकिन प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचने के लिए उन्हें बहुत लंबा समय लग जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र के साथ-साथ बिहार राज्य के चुनाव में भी एनडीए गठबंधन के तहत ही वह चुनाव लड़ेंगे।