रेलवे में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर युवक से ठगे 11 लाख

पानीपत

गांव गांजबड़ के रहने वाले युवक से रेलवे में सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 11 लाख ठगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह धोखाधड़ी एक पलम्बर ने अपने गनमैन दोस्त के भाई से की। इस दौरान आरोपी ने युवक को कई दिन कोलकाता में ठहराया और बाद में रेलवे का फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिया।

जब युवक को फर्जी लेटर की जानकारी मिली, तो उसने पलम्बर से पैसे वापिस लेने का प्रयास किया, परंतु पलम्बर ने पैसे वापिस करने की बजाय जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। जिसकी शिकायत युवक द्वारा पुलिस को देकर अपने पैसे वापिस दिलवाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भाई ने की उसकी नौकरी लगवाने की बात

Whatsapp Channel Join

थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव गांजबड़ निवासी राजेश ने बताया कि उसका भाई मेडिसिटी अस्पताल असंध में गनमैन है, जहां मंजीत निवासी खेड़ी तागा गन्नौर जिला सोनीपत भी पलम्बर का काम करता है। भाई ने मंजीत से उसकी नौकरी लगवाने के बारे में बात की। राजेश के अनुसार, मंजीत अपने दोस्त अमर सिंह निवासी गांव मूनक, जिला करनाल को लेकर उनके घर अक्टूबर 2022 में आया। उसने रेलवे में नौकरी लगवाने की बात की। 24 नवंबर को मंजीत और अमर दोबारा से घर गए और रेलवे में नौकरी लगवाने के लिए एक लाख रुपए ले गए।

10 दिन रहने के बाद दिया फर्जी लेटर, लिए 10 लाख
राजेश के अनुसार एक दिन योगेश निवासी गांव कौल जिला कैथल का फोन आया, जिसने कहा कि 25 नवंबर को कोलकाता जाना है, तुम्हारी नौकरी की बात हो गई है। राजेश कोलकाता चला गया, जहां अंकित नाम का युवक मिला। वह उसे खड़गपुर के रेलवे क्वार्टर में ले गया, जहां वह करीब 10 दिन रहा।

30 नवंबर को अंकित ने एक जॉइनिंग लेटर दिया और 10 लाख रुपए और ले लिए। साथ ही एक रेलवे जॉइनिंग की लिस्ट भी थमा दी। जिसमें उसका नाम भी शामिल था। जब राजेश ने अपने स्तर पर उक्त लिस्ट और लेटर की जांच की तो वह फर्जी मिला। इसके बाद आरोपियों से रुपए वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।