अंबाला एसटीएफ द्वारा विक्की लाल गैंग से जुड़े मोस्ट वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। अंबाला निवासी बदमाश पवन कुमार पर 15 हजार रुपए का इनाम था और वह कुरुक्षेत्र के शाहबाद में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में फरार था।
डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि अंबाला एसटीएफ यूनिट इंचार्ज इंस्पैक्टर दीपेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम ने अंबाला के न्यू लक्ष्मी नगर जंडली निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 23 मई 2023 को शाहाबाद पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था। आरोपी पर पुलिस ने 15 हजार इनाम भी घोषित किया हुआ था।
बता दें कि 23 मई को एसटीएफ अंबाला की टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे शक्ति नगर नजदीक मानव चौक (अंबाला) निवासी गैंगस्टर विक्की गर्ग उर्फ लाला को गिरफ्तार किया था। बदमाश विक्की लाला कई मुकदमों में फरार चल रहा था। रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में गैंगस्टर विक्की लाला ने ही बदमाश पवन कुमार का नाम उगला था।
वहीं विक्की लाला के कब्जे से 4 देसी पिस्टल, 2 देसी कट्टे और 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। उसके खिलाफ शाहबाद थाने में धारा 25/25(6)-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

