कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोमवीर सांगवान की हालत पीजीआई में उपचार के दौरान नाजुक बनी हुई है। सोमवीर सांगवान ने गंभीर हालत में वीडियो बनाकर इस हमले में सांसद धर्मवीर और दो अन्य पर इसकी साजिश का आरोप लगाया है।
इस सब के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सांगवान का बयान लेने के बाद ही आगामी कार्यवाही की जाएगी।
खुद बनाया वीडियो
खून से लथपथ सोमवीर ने अपना एक वीडियो भी जारी किया है जो एक मिनट चार सेकेंड का है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि अगर मुझे कुछ होता है तो सांसद धर्मवीर सिंह, नवीन गोयल और डीपी गोयल जो कैनवीन संस्था चलाते हैं, जिम्मेदार होंगे। उन्होंने गुरु द्राेणाचार्य कॉलेज पर अवैध कब्जा कर रखा था और इसके विरुद्ध मैंने आवाज उठाई थी।
धर्मवीर का आरोप है कि पहले मुझे धमकाने के लिए मेरे पास फोन किया गया। इसके बाद सांसद धर्मवीर ने अलग-अलग तरीके से मेरे घरवालों को धमकाने की भी कोशिश की।
पहले हमारे गांव का नरेंद्र मेरे घर भेजा और 10 जुलाई के बाद से धमकियां दिलवाई जा रही हैं। मुझ पर मामला दबाने का भी दबाव बनाया गया।

