police

Haryana विधानसभा चुनाव: पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द, अर्धसैनिक बलों की तैनाती

बड़ी ख़बर राजनीति विधानसभा चुनाव हरियाणा

Haryana विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। लॉ एंड ऑर्डर के आईजीपी संजय सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) से हरियाणा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स की 225 कंपनियों की मांग की गई थी, जिसमें से 70 कंपनियां 25 अगस्त, 2024 तक राज्य में पहुंच चुकी हैं।

आने वाली पैरामिलिट्री कंपनियां

Whatsapp Channel Join

शुरुआती तैनाती में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 15, सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 10, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की 15, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 10, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 10 और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की 10 कंपनियां हरियाणा में भेजी गई हैं। शेष 155 कंपनियां 24 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर चुनाव के बाद हरियाणा पहुंचेंगी। इनमें CRPF की 25, BSF की 15, CISF की 30, ITBP की 25, SSB की 35 और RPF की 25 कंपनियां शामिल हैं।

मतगणना तक रहेंगी 30 कंपनियां

चुनाव के बाद स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए 30 कंपनियां तब तक तैनात रहेंगी, जब तक मतगणना पूरी नहीं हो जाती। बाकी 195 कंपनियां वापस भेज दी जाएंगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी का बयान

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि पैरामिलिट्री फोर्स का मुख्य काम फ्लैग मार्च करके मतदाताओं को सुरक्षित माहौल का एहसास कराना है। मतदान केंद्रों के आसपास हरियाणा पुलिस, आईआरबी और होम गार्ड के जवान तैनात रहेंगे, जबकि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की खास निगरानी रहेगी।

पिछले चुनाव की तुलना

2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान केवल 95 कंपनियां मिली थीं, जबकि इस बार 225 कंपनियों की मांग की गई है। अब तक 70 कंपनियां पहुंच चुकी हैं, बाकी 155 जल्द ही पहुंचेंगी।

अन्य खबरें