➤अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया घई से सगाई
➤घई परिवार का हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में बड़ा नाम
➤निजी समारोह में हुई इंगेजमेंट, फोटो वायरल
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक ने बुधवार को मुंबई में सगाई कर ली। सानिया मशहूर बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। वह मुंबई के बिजनेसमैन रवि घई की पोती और गौरव घई की बेटी हैं। घई परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में एक स्थापित नाम है, जिनके पास इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप और फेमस आइसक्रीम ब्रांड ब्रूकलिन क्रीमरी है।

सगाई का समारोह बेहद निजी रखा गया था, जिसमें सिर्फ दोनों परिवारों के करीबी लोग ही शामिल हुए। न तो तेंदुलकर परिवार और न ही घई परिवार ने इस आयोजन की जानकारी पहले से सार्वजनिक की। हालांकि, सगाई के बाद अर्जुन और सानिया की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दोनों साथ नजर आ रहे हैं।
सानिया चंडोक भले ही एक बड़े बिजनेस परिवार से हों, लेकिन वह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। वह मुंबई में “Mr. Paws Pet Spa & Store LLP” की पार्टनर और डायरेक्टर हैं। यह एक पेट-केयर स्पा और स्टोर है, जिसकी शुरुआत 2022 में महज एक लाख रुपये की पूंजी से हुई थी। यहां पालतू जानवरों की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और अन्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
अर्जुन तेंदुलकर की बात करें तो वह एक फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और घरेलू क्रिकेट में गोवा की टीम से खेलते हैं। IPL में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। अर्जुन ने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम से डेब्यू किया था। इसके अलावा, उन्होंने मुंबई अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया है। 2020 में उन्होंने मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया और 2023 में IPL में अपना पहला मैच खेला। रणजी ट्रॉफी में गोवा के लिए खेलते हुए उन्होंने अपने पहले ही फर्स्ट क्लास मैच में शतक जमाया था।