● हरियाणा में 1-2 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा, 3 अप्रैल से बदलाव की संभावना
● मार्च में सामान्य से 41% कम हुई बारिश, 8.9 मिमी ही हुई वर्षा
● अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की वृद्धि, सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
Haryana Weather: हरियाणा में मंगलवार और बुधवार (1 और 2 अप्रैल) को मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 3 अप्रैल से बदलाव की संभावना जताई गई है। 31 मार्च को प्रदेश के सबसे गर्म जिले के रूप में सिरसा दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक हो गया है। आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, हालांकि रात के समय अभी भी हल्की ठंडक बनी हुई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 4 अप्रैल तक हरियाणा में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि, इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, जिससे दिन के तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 और 4 अप्रैल को वातावरण में नमी बढ़ने के साथ आंशिक बादल छाने और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च महीने में हरियाणा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान कुल 8.9 मिमी बारिश हुई, जबकि मार्च के लिए औसत सामान्य वर्षा 15.1 मिमी मानी जाती है। मार्च को प्री-मानसून सीजन का पहला महीना माना जाता है, लेकिन इस बार यह लगभग सूखा ही रहा। किसान अब अप्रैल और मई में बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं, हालांकि इस दौरान गेहूं की कटाई और कढ़ाई का ही कार्य किया जाता है।