➤ हिसार के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने माउंट एल्ब्रुस पर फहराया तिरंगा
➤ पहले भी माउंट अन्नपूर्णा, ल्होत्से और किलिमंजारो पर कर चुके हैं चढ़ाई
➤ अगला लक्ष्य– दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा लहराना
हरियाणा के हिसार जिले के मिंगनी खेड़ा गांव के रहने वाले पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने एक बार फिर देश का नाम ऊंचा कर दिखाया है। उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5642 मीटर) को 12 जुलाई 2025 की सुबह 5:30 बजे फतह कर उस पर भारतीय तिरंगा फहराया। नरेंद्र ने यह चढ़ाई 7 जुलाई 2025 को शुरू की थी और 5 दिनों के कठिन अभियान के बाद वे सफलता की चोटी तक पहुंचे।
नरेंद्र कुमार ने अपनी पर्वतारोहण यात्रा की शुरुआत 2019 में अटल बिहारी इंस्टीट्यूट, मनाली से बेसिक कोर्स के साथ की थी, जिसे 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग से एडवांस कोर्स कर के आगे बढ़ाया। उनके पिता सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर पद से रिटायर हैं, ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
इससे पहले नरेंद्र ने कई खतरनाक और ऊंची चोटियों पर भी भारत का तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त किया है। वर्ष 2025 में ही उन्होंने माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर) पर चढ़ाई कर हरियाणा के पहले पर्वतारोही बने। साथ ही उन्होंने माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) भी फतह की, जो दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी है।
माउंट किलिमंजारो पर मात्र 5 दिनों में दो बार चढ़ाई करके उन्होंने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा, 15 अगस्त 2021 को माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा भारतीय ध्वज फहराकर आजादी के 75वें अमृत महोत्सव को विशेष बना दिया।
नरेंद्र न केवल चोटियां फतह कर रहे हैं, बल्कि बच्चों को माउंटेनियरिंग और साहसिक खेलों की प्रेरणा भी दे रहे हैं। वे स्कूलों में जाकर छात्रों को करियर विकल्पों के रूप में पर्वतारोहण से परिचित करवाते हैं।
अब नरेंद्र का अगला लक्ष्य है दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना, जिसमें एवरेस्ट, के2, कंचनजंगा, नंगा पर्वत जैसी दुर्गम शिखरियाँ शामिल हैं।