➤ मासूम शर्मा बोले- राजनीति में सब आ रहे हैं, टाइम आने दो मैं भी आऊंगा
➤ गानों पर बैन से नहीं रुकी बदमाशी, तो कारण कुछ और होगा
➤ सरकार पर तंज- जब आगे बढ़ते हैं तो FIR और विवाद मिलते हैं ‘दहेज में’
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने सोनीपत दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में गानों पर बैन, राजनीति में एंट्री और प्रदेश में बढ़ते क्राइम को लेकर बेबाक बयान दिए। उन्होंने कहा कि “जब कोई कलाकार, पत्रकार या नेता आगे बढ़ता है, तो उसके पीछे विवाद और एफआईआर जैसे मसले ‘दहेज में’ मिलते हैं।” उनका इशारा चंडीगढ़ में दर्ज हुई FIR और सरकार द्वारा उनके गानों पर लगाए गए बैन की तरफ था।
राजनीति में आने की चर्चा पर उन्होंने कहा, “सब राजनीति में आ रहे हैं। जब समय आएगा, मैं भी आऊंगा।” मासूम शर्मा ने इशारों ही इशारों में अपनी भविष्य की राजनीतिक पारी के संकेत दे दिए।
विवादित गानों पर सरकार द्वारा लगाए गए बैन को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर गन कल्चर पर आधारित गाने बैन कर दिए गए हैं, तो फिर अपराध क्यों नहीं रुक रहे? इससे साफ है कि असली कारण कुछ और है।” उन्होंने कहा कि “हर क्षेत्र में अच्छे और बुरे लोग होते हैं, सरकार को सिर्फ गानों पर बैन लगाने से आगे सोचना चाहिए।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गन कल्चर वाले गाने जनता की डिमांड और मार्केट की जरूरत पर आधारित होते हैं, और अगर पब्लिक मांग करेगी तो वे वही बनाएंगे। वेब सीरीज और ओटीटी कंटेंट का हवाला देते हुए मासूम शर्मा ने कहा कि “अगर वही चीजें वहां चल रही हैं, तो फिर हरियाणवी कलाकारों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है?”
हाल ही में उनके नाम सामने आए एक फायरिंग केस पर उन्होंने कहा कि वह उस दौरान अहमदाबाद में थे और उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है।

