- मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने समालखा में अपने मित्र के निवास पर पहुंचकर पत्रकारों से की बातचीत
- 2047 तक विकसित भारत के संकल्प और हरियाणा में समान विकास को बताया प्राथमिकता
- भाजपा को बताया कार्यकर्ताओं का संगठन, विपक्ष को बताया बौखलाया हुआ
समालखा, अशोक शर्मा: हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार रोहतक से पानीपत जाते समय समालखा में समाजसेवी जगपाल गाहल्याण के पार्टनर राजेश पंवार के निवास पर पहुंचे। इस दौरान जयपाल गाहल्याण, सुभाष गाहल्याण और महिपाल आढ़ती ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने प्रेस को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास नीतियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में समानता के आधार पर हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं, और यह प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों को उन्होंने ऐतिहासिक और जनसेवा को समर्पित बताया। साथ ही कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन चुका है, जिसमें हर नागरिक अपनी भूमिका निभा रहा है।

राज्य सरकार की दिशा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में विकास का स्पष्ट खाका तैयार किया गया है, जिससे हरियाणा निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बलबूते चलने वाला संगठन है जहां उन्हें पूरा सम्मान मिलता है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, और प्रधानमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से वे बौखलाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की किसी से छुपी नहीं है, और अब विपक्ष सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझा है।