➤ मनोनीत पार्षद गौरव श्रीवास्तव की नियुक्ति ने भाजपा के भीतर ही मचाया घमासान, शपथ ग्रहण टला
➤ विधायक प्रमोद विज और जिला अध्यक्ष में हुई तीखी बहस, शिक्षा मंत्री ढांडा भी विरोध में
➤ पार्टी में गुटबाजी खुलकर सामने आई, पानीपत में मनोनीत पार्षदों की दूसरी सूची जारी होने की संभावना बढ़ी
आईबीएम अस्पताल के संचालक डॉ. गौरव श्रीवास्तव को पार्षद बनाए जाने पर भाजपा के भीतर विरोध के स्वर तलख हो गए हैं। मनोनीत पार्षद के नाम ने पार्टी के भीतर ही आग लगा दी है और अब यह आग बुझने का नाम नहीं ले रही।
आलम यह है कि भाजपा इस मुद्दे पर बंटती दिख रही है। जबरदस्त विरोध हो रहा है। इस विरोध के चलते मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह टल सकता है। एक मीडिया रिपोर्ट ने सूत्रों के अनुसार दावा किया है कि , कुछ दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की उपस्थिति में ही पी डब्लू डी रेस्ट हाउस में विधायक प्रमोद विज और जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट के बीच बहस हुई। गौरव श्रीवास्तव की नियुक्ति का भारी विरोध किया गया। इस विरोध में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का भी समर्थन मिल रहा है।
खबरों के अनुसार, ढांडा भी डॉ. गौरव के खिलाफ हैं। सूत्रों ने बताया कि 5 अगस्त को तीनों मनोनीत पार्षदों का होने वाला शपथ ग्रहण समारोह टाल दिया गया है। ऐसी सूचना है कि डॉ. गौरव श्रीवास्तव का नाम काटकर भाजपा मनोनीत पार्षदों की दूसरी सूची भी जारी कर सकती है। दूसरे जिलों में भी मनोनीत पार्षदों को लेकर विवाद चल रहा है। पानीपत में बदलाव होते ही दूसरे नियम भी बदलने की संभावना है, इसलिए अब तक सूची नहीं बदली गई है। लेकिन पानीपत में बदलाव के आसार हैं।