हरियाणा के जिला फरीदाबाद में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से बैंक से बुजुर्गों की मौत के बाद पेंशन निकालने की शिकायत मिलने पर फरीदाबाद सीएम फ्लाइंग ने पलवल के गांव अमरपुर स्थित बैंक में छापेमारी की। यह छापामार कार्रवाई सीएम फ्लाइंग डीएसपी के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान करीब 15 खाते ऐसे मिले, जिनकी मौत वर्ष 2022 में हो चुकी है और पैंशन उनके खातों से 2023 तक निकाली जा रही है। टीम का कहना है कि खाते अधिक हैं, जांच के बाद और भी मामले सामने आ सकते हैं। सीएम फ्लाइंग टीम बैंक का रिकॉर्ड कब्जे में अपने साथ ले गई।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी मनीष सहगल ने बताया कि कई बार शिकायतें मिल रही थी कि दी फरीदाबाद केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा अमरपुर में सरकार की ओर से बुजुर्गों को दी जाने वाली पेंशन का गलत प्रयोग हो रहा है। शिकायतों के आधार पर जब उनकी टीम ने बैंक में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान बैंक का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच में सामने आया कि करीब 15 बुजुर्गों की मौत 2022 में हो चुकी है और उनकी पेंशन 2023 में फार्म भरकर निकाली जा रही है, लेकिन बैंक अधिकारी इसको लेकर सख्त नहीं हैं।

डीएसपी मनीष सहगल ने बताया कि बैंक की अमरपुर शाखा में बुजुर्गों के सैकडों ऐसे खाते हैं, जिनकी जांच करने में अभी समय लगेगा। जांच के बाद इस तरह के और भी मामले सामने आने आ सकते हैं। इसके लिए बैंक के रिकॉर्ड को कब्जे में ले लिया गया है, रिकॉर्ड की बारिकी से जांच की जाएगी। जांच के बाद सामने आएगा कि बैंक में इस प्रकार कितने दिनों से लोग सरकार की ओर से दी जा रही सुविधा का दुरूपयोग कर रहे हैं।

विडरोल फार्म भरने और हस्ताक्षर करने वालों का पता लगाएगी सीएम फ्लाइंग
डीएसपी मनीष सहगल ने बताया कि जांच के बाद पता किया जाएगा कि जिन बुजुर्गों के खाते से मौत के बाद पेंशन निकली है, उनके विडरोल फार्म किसने भरे हैं और बुजुर्गों के हस्ताक्षर किसने किए हैं। यदि इस मामले में बैंक के किसी कर्मचारी और अधिकारी की मिलीभगत पाई गई तो उसे भी बक्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

सीएम फ्लाइंग टीम के बैंक पहुंचते ही स्टाफ कर्मियों के उड़े होश
इससे पहले छापामार कार्रवाई के लिए डीएसपी मनीष सहगल के साथ सीएम फ्लाइंग की टीम जैसे ही बैंक में पहुंची तो वहां मौजूद स्टाफ में हड़कंप मच गया। टीम के सदस्यों ने जैसे ही अपना परिचय दिया, तो बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों के चेहरों के होश उड़ गए। इसके बाद टीम के सदस्यों ने पहले सभी टेबलों से बैंक का रिकॉर्ड जब्त किया और उसे एक टेबल पर रखकर सभी खातों की जांच शुरू की। जांच में कई खाते सामने आने पर डीएसपी ने रिकॉर्ड को कब्जे में ले लिया है। उनका कहना है कि खातों की संख्या अधिक है और जांच में अभी समय लग सकता है।

