Delhi के ग्रेटर कैलाश इलाके में शनिवार को पदयात्रा के दौरान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एक व्यक्ति ने तरल पदार्थ फेंकने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।
भा.ज.पा. पर आरोप
हमले के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा की साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि यह हमला उन आरोपों का प्रतिकार है, जो केजरीवाल ने हाल ही में भाजपा और दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर किए थे। AAP ने कहा कि “भा.ज.पा. कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है और अब वह बौखलाहट में इस तरह के हमलों का सहारा ले रही है।”
पार्टी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह की नाकामी अब सार्वजनिक हो गई है, जिससे भाजपा के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।
35 दिनों में तीसरा हमला
यह हमला पिछले 35 दिनों में अरविंद केजरीवाल पर हुआ तीसरा हमला है। इससे पहले 25 अक्टूबर को विकासपुरी और 27 नवंबर को नांगलोई में हमले हो चुके हैं। AAP ने सवाल उठाया कि “क्या भाजपा अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की कोशिश कर रही है?” और साथ ही यह भी पूछा कि “हमला करने वालों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?”
केजरीवाल का बयान
घटना के बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एक पॉश इलाके पंचशील में एक बुजुर्ग की हत्या का जिक्र किया और कहा कि “दिल्ली में अपराधों की संख्या बढ़ गई है, खासकर सीनियर सिटिजंस, महिलाएं और व्यापारी वर्ग के लोग इसके शिकार हो रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।”
महिलाओं के लिए 1000 रुपये की योजना
इससे पहले, शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल ने बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान महिलाओं के लिए एक नई योजना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सभी महिलाओं को 1000 रुपये दिए जाएंगे और इसके लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए प्रत्येक महिला का अपना वोटर आईडी कार्ड होना अनिवार्य होगा।
मनीष सिसोदिया का भाजपा पर हमला
दिल्ली विधानसभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब “शूटआउट की राजधानी” बन गई है, जहां हर रोज गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने यह सवाल उठाया कि भाजपा दिल्ली में बढ़ते अपराधों और गैंगस्टरों के खुलेआम आतंक को रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं कर रही है?