Delhi CM : आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गई है। उन्होंने शनिवार को दिल्ली की 17वीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। आतिशी के बाद सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन, मुकेश अहलावत ने मंत्री पद के लिए शपथ ली। दिल्ली कैबिनेट में मुकेश अहलावत इकलौता नया चेहरा है।
43 वर्षीय आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है, जो इस पद पर पहुंचने वाली दिल्ली की सबसे युवा नेता बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अरविंद केजरीवाल के पास था, जो 2013 में पहली बार 45 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने थे।
AAP विधायकों ने 17 सितंबर को अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया था। 20 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केजरीवाल का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ ही आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी।







