दिल्ली में मशहूर कोचिंग टीचर Avadh Ojha ने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। अवध ओझा की पार्टी में एंट्री अगले साल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले हुई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में कयास लग रहे हैं कि ओझा विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
केजरीवाल बोले – शिक्षा के क्षेत्र में मिलेगा बड़ा योगदान
अरविंद केजरीवाल ने अवध ओझा को शिक्षा के क्षेत्र का जानामाना नाम बताते हुए कहा कि उन्होंने लाखों युवाओं को शिक्षित कर रोजगार के लिए तैयार किया है। ओझा के पार्टी में शामिल होने से दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
राजनीति के माध्यम से शिक्षा का विकास: अवध ओझा
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद अवध ओझा ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज, परिवार और राष्ट्र की आत्मा है। मेरा उद्देश्य राजनीति के जरिए शिक्षा का विकास करना है, क्योंकि जितने भी देश महान हुए हैं, उनके पीछे शिक्षा का बड़ा योगदान रहा है।
चुनाव में उतरने की अटकलें
हालांकि, अवध ओझा के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन उनकी एंट्री से AAP के समर्थकों में जोश है, और इसे चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।