देश के कई हिस्सों में मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है और अब तापमान में तेजी से इज़ाफा हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि देश के सात राज्यों — गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश — में लू (हीटवेव) का खतरा मंडरा रहा है। इन इलाकों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा सकता है।
राजस्थान में लू का कहर, येलो अलर्ट जारी
राजस्थान में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है। जयपुर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और नागौर जैसे जिलों में तेज लू चलने की संभावना है। दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री ज्यादा है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 15-17 अप्रैल के दौरान तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है।
दिल्ली में गर्म दिन, चलेंगी तेज हवाएं
राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने पकड़ा जोर
लखनऊ में आज मौसम साफ रहेगा और हवाएं 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की उम्मीद है। वहीं, आगरा में तेज धूप के साथ तापमान 38 डिग्री तक रहेगा, जो आने वाले दिनों में 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
गुजरात में तापमान 43 डिग्री के पार
गुजरात के कांडला में तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। गांधीनगर और अहमदाबाद जैसे शहरों में गर्मी का प्रकोप जारी है। IMD के मुताबिक, निकट भविष्य में गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है।
पंजाब में भी हीटवेव अलर्ट
अप्रैल की शुरुआत से ही पंजाब में गर्मी परेशान कर रही है। थोड़ी राहत के बाद अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने 15 से 17 अप्रैल तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है।