PM modi VS Rahul Gandhi

झारखंड में PM के Plane में आई तकनीकी खराबी, ढ़ाई घंटे विमान में ही फंसे रहे मोदी, गोड्‌डा में डेढ़ घंटे रोका राहुल का हेलीकॉप्टर

दिल्ली झारखंड

झारखंड के देवघर में शुक्रवार को PM मोदी के प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई। वे दोपहर 2:20 बजे विमान में सवार हो गए थे, लेकिन वह उड़ान नहीं भर पाया। इसके बाद दिल्ली से उनके लिए स्पेशल प्लेन भेजा गया। इसके बाद शाम 4.55 बजे दिल्ली रवाना हो गए।

दूसरी तरफ झारखंड के गोड्डा में चुनावी सभा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हेलिकॉप्टर डेढ़ घंटे तक रुका रहा।बताया जा रहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ( ATC) से गोड्डा के बेलबड्डा से हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली थी। पूरी घटना के दौरान राहुल गांधी हेलिकॉप्टर में ही बैठे रहे और मोबाइल देखते रहे। कांग्रेस ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।

क्या था मोदी का डे-प्लान

Whatsapp Channel Join

मोदी सुबह प्लेन से देवघर आए थे। यहां से वे बिहार के जमुई जनजातीय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए। वापसी में उन्हें देवघर से ही दिल्ली जाना था, लेकिन प्लेन में खराबी आ गई थी। पीएम के एयरपोर्ट पर रहने के दौरान बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। सीनियर पायलट ने जैसे ही तकनीकी खराबी की जानकारी दी, तो पीएमओ ने को-ऑर्डिनेट किया और दिल्ली से वायुसेना का विमान देवघर रवाना कर दिया था।

राहुल के हेलिकॉप्टर रोकने पर बोलीं कांग्रेस कैंडिडेट दीपिका पांडे

महगामा क्षेत्र से विधायक और कांग्रेस कैंडिडेट दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि हेलिकॉप्टर को सिर्फ इसलिए रोका गया कि प्रधानमंत्री देवघर में हैं। राहुल गांधी को उस क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी गई। प्रोटोकॉल है, जिसे हम समझते हैं लेकिन कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश पर शासन किया और किसी भी विपक्षी नेता के साथ ऐसी घटना कभी नहीं हुई। यह स्वीकार्य नहीं है।

चुनावी सभा के दौरान क्या बोले राहुल गांधी

महगामा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी ने कहा- मुंबई के धारावी की जमीन एक लाख करोड़ रुपए की है। इसको महाराष्ट्र सरकार और नरेंद्र मोदी, गौतम अडाणी को देना चाह रहे हैं। वहां हमारी सरकार थी, ऐसा नहीं हो पा रहा था तो उन्होंने सरकार गिरा दी।

राहुल गांधी का 20 मिनट के भाषण की अहम बातें-

  • राहुल ने कहा कि मोदी जी ने संविधान नहीं पढ़ा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि राहुल गांधी लाल किताब दिखा रहा है। मैं कहता हूं कि इसका रंग जरूरी नहीं है। इसमें जो लिखा है, वह जरूरी है। इसे आपने जिंदगी भर नहीं पढ़ा है। आप इसे एक बार खोल लेते तो देश में हिंसा फैलाने का काम नहीं करते। आप ऐसा इसलिए करते हो क्योंकि आपने यह नहीं पढ़ा।
  • राहुल बोले- मोदी क्या, दुनिया की कोई ताकत संविधान नहीं हटा सकती। वे बोले कि देश में बंद कमरे में नफरत फैलाने का काम BJP-RSS के लोग करते हैं। संविधान को नरेंद्र मोदी, क्या दुनिया की कोई ताकत नहीं मिटा सकती है। अगर मिटाना है तो सामने आइए, फिर पता चलेगा कि जनता क्या करती है।
  • उन्होंने कहा- हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते हैं। हम 56 इंच की छाती और मन की बात से भी नहीं डरते। इंडिया गठबंधन संविधान की रक्षा कर रहा है। संविधान में अंबेडकर, गांधी और बिरसा मुंडा की सोच है। यह हिंदुस्तान की जनता की आत्मा है।
  • राहुल गांधी बोले- नरेंद्र मोदी अरबपतियों की कठपुतली हैं। वह वही करते हैं जो अरबपति कहते हैं। मोदी जी पहले मन की बात सुनाते हैं। फिर अंबानी की शादी में चले जाएंगे। खाना खाएंगे, नाच गाना सुनेंगे।
  • कांग्रेस नेता ने कहा- आप जितनी जीएसटी देते हैं उतना ही अडाणी भी देते हैं। पांच हजार कमाने वाला 18 फीसदी जीएसटी दे रहा, अडाणी भी उतना ही देगा। जीएसटी दिल्ली सरकार को जाती है। यह आपका पैसा है, अडाणी का नहीं है।
  • राहुल गांधी ने कहा- पहले झारखंड में, फिर दिल्ली में जाति जनगणना होगी। देश में पिछड़े की आबादी की बात करें तो यह कम से कम 50 फीसदी है। यह बात कोई जानता नहीं है, क्योंकि जाति जनगणना नहीं हुई है। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं पिछड़े वर्ग की इज्जत करता हूं और भूखा मार देते हैं। करोड़ों रुपए बिजनेसमैन को दे देते हैं।

अन्य खबरें पढ़ें….