दुनिया में आपने बहुत से लोगों की मशहूर हस्तियों के लिए अपनी दीवानगी के कई किस्से सुने होंगे, फिर चाहे वे राजनेता हों, अभिनेता हो या फिर खिलाड़ी हो। कई बार इनको चाहने वालों की दीवानगी की हदें पार हो जाती हैं। ऐसा ही एक दिवानगी का किस्सा चरखी दादरी के गांव ढाणी फोगाट में रहने वाले कर्मवीर उर्फ बंटू का भी सामने आया हैं।
बंटू बॉलीवुड ऐक्ट्रस कैटरीना कैफ की भगवान की तरह पूजा करता हैं। रोज उनकी तस्वीर की आरती उतारता है। दस सालों से बंटू हर साल कैटरीना कैफ का जन्मदिन केक काटकर और लड्डू बांटकर मनाता आ रहा हैं।
पत्नी भी दे रही पति की दिवानगी में साथ
बंटू की पत्नी भी उसका कैटरीना भक्ती में पूरा-पूरा साथ दे रही है। जब बंटू की शादी हुई तो कैटरीना कैफ के लिए पति की दीवानगी देख कर पत्नी ने कोई एतराज़ नहीं जताया, बल्कि बंटू की तरह कैटरीना को पूजने लगी। जब 16 जुलाई को कैटरीना ने अपना 40वां जन्मदिन मनाया था तब बंटू ने भी अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर कैटरीना कैफ का जन्मदिन धूमधाम से मनाया ।
घर की हर दीवार पर हैं कैटरीना की तस्वीरें
बंटू के घर की हर दीवार पर कैटरीना कैफ के पोस्टर लगे हैं। बंटू के इस प्यार और जुनून के कारण गांव वाले भी अब बंटू और उसकी पत्नी संतोष को कैटरीना कैफ के नाम से पुकारने लगे हैं। बंटू का कहना है कि उसने पहली बार 2004 में जब कैटरीना कैफ की फिल्म देखी उसी दिन से उनका फैन बन गया था।
जब बंटू ने शादी से पहले घर में कैटरीना कैफ के फोटोज लगाए तो घरवालों ने उसे खूब डांटा, लेकिन बंटू का कैटरीना के लिए क्रेज़ कम होने की बजाय बढ़ता ही गया। आखिरकार घरवालों को भी बंटू की कैटरीना कैफ के लिए दीवानगी देखकर चुप होना पड़ा। बंटू और उसकी पत्नी संतोष की एक ही हसरत है कि किसी भी तरह इनका कैटरीना कैफ से मिलने का सपना पूरा हो जाएं।

