भारतीय रेडियो के बेहतरीन प्रेजेंटर और आवाज के कलाकार अमीन सयानी का निधन हो गया। उनके 91 साल की उम्र में ह्रदय आक्षेप से उनका निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत ही एचएन रिलायंस हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, उनका अंतिम संस्कार 22 फरवरी को होगा।
बता दें कि अमीन सयानी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया। अमीन सयानी की सुनहरी आवाज में एक आकर्षक और गर्मजोशी थी, जिसने उन्हें पीढ़ियों से लोगों का पसंदीदा बनाया। अमीन सयानी का जन्म 21 दिसंबर 1932 में मुंबई में हुआ था, उन्हें रेडियो की दुनिया का बादशाह कहा जाता है। उनकी आवाज के जादू ने हर दौर के लोगों को अपना दीवाना बनाया है। उनके भाई हमीद सयानी ने उनका परिचय यहां से कराया था। रिपोर्ट्स की मानें तो अमीन सयानी करीब 10 सालों तक अंग्रेजी प्रोग्राम का हिस्सा रहे।

अमीन सयानी के नाम पर 54000 से ज्यादा रेडियो कार्यक्रम प्रोड्यूस, वॉइस ओवर करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने करीब 19000 जिंगल्स के लिए आवाज देने का काम किया है। कई फिल्मों में रेडियो एनाउंसर के तौर पर भी नजर आए। रेडियो सीलोन और विविध भारती पर लगभग 42 सालों तक चलने वाला हिंदी गीतों का उनका कार्यक्रम बिनाका गीतमाला ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इस शो के जरिए ही उन्होंने घर-घर अपनी पहचान बनाई थी।

