भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की है। उन्होंने विकास आर्य, राकेश बंसल और प्रदीप चौहान को प्रदेश सह-संयोजक के रूप में चुना है। इसके साथ ही हरियाणा की मॉडल निधि शर्मा (model Nidhi Sharma) को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
बता दें कि पार्टी के कला और संस्कृति प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक रेनू बाला गुप्ता ने 22 स्टेट लेवल के नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। जिसके तहत हरियाणा के सभी 22 जिलों में जिला संयोजकों और सह-संयोजकों की नियुक्तियां की गई हैं। साथ ही 22 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों को भी नियुक्त किया गया है। इसके बाद प्रदेश में कुल 98 नए नेताओं को नियुक्त किया गया है।
वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला संगठन विस्तार किया है। संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, संगठन के तीनों महामंत्री के साथ लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया से विचार-विमर्श के बाद यह संगठन विस्तार किया गया है। रेनू बाला की ओर से जारी लेटर में लिखा है कि प्रदेश में पार्टी में ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी।








