➤ भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के दामाद बने कांग्रेस यूथ विंग के नए प्रदेशाध्यक्ष
➤ मृत हिमानी नरवाल का नाम भी कांग्रेस ने बना दिया प्रदेश सचिव, उठे गंभीर सवाल
➤ भाजपा ने पोस्टर से कसा तंज – कांग्रेस शर्मनाक, सूची जारी करने से पहले भी नहीं की जांच?
Nishit Kataria Congress president: हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस की युवा इकाई की नई कार्यकारिणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के रिश्तों में रोचक मोड़ सामने आया है। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के दामाद निशित कटारिया को हरियाणा यूथ कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। निशित, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे हैं और 2020 में उन्होंने बराला की बेटी तमन्ना से शादी की थी।
युवा कांग्रेस की नई टीम की सूची सोमवार देर रात जारी की गई, लेकिन इस लिस्ट में एक और नाम ने सभी को हैरान कर दिया — हिमानी नरवाल, जिनकी हत्या इस साल मार्च में हो चुकी थी, उन्हें भी प्रदेश सचिव बना दिया गया।
हिमानी नरवाल, रोहतक की रहने वाली थीं। मार्च में उनका शव एक सूटकेस में सांपला बस अड्डे के पास बरामद हुआ था। उनकी मां सविता नरवाल ने इस हत्या में कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल पर आरोपी को बचाने और 15 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया था और CBI जांच की मांग की थी।
कांग्रेस ने इस सूची को 16 जून को जारी किया, जबकि हिमानी की मौत 28 फरवरी को हो चुकी थी। पार्टी की दलील है कि आवेदन 20 दिसंबर 2024 तक लिए गए थे और मेंबरशिप 16 जनवरी तक ली गई। लेकिन 19 मई को छंटनी के बावजूद, उनका नाम सूची से हटाया नहीं गया — यह चूक कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
उधर, भाजपा ने इस सूची पर सीधा हमला बोला है। ‘कांग्रेस शर्मनाक’ नाम से पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मृत महिला को पद देने पर कांग्रेस को घेरा गया है।
निशित कटारिया को 29893 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी सोमिल संधू को 12949 वोट ही मिले। निशित को हुड्डा गुट का करीबी माना जाता है। उन्होंने हाल ही में नगर निगम चुनाव में वार्ड 36 से पार्षद पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
इस घटनाक्रम के बाद हरियाणा में कांग्रेस की युवा राजनीति के साथ-साथ उसकी पारदर्शिता, कार्यप्रणाली और नेतृत्व चयन प्रक्रिया पर गहरे सवाल उठे हैं।
देखें कहां से कौन बना जिलाध्यक्ष

