- डबवाली में राजस्थान पुलिस ने फर्जी शादी गिरोह का पर्दाफाश कर मास्टरमाइंड रेशम सिंह को दबोचा, समारोह के दौरान हुई कार्रवाई
- लड़की, उसके माता-पिता, और रिश्तेदार सभी फर्जी निकले, शादी से पहले ही दूल्हे का परिवार लहंगा लेकर लौट गया
- रेशम सिंह पर पहले से कई फर्जी शादियों के मामले दर्ज, शादी के बाद दुल्हन बनकर गहने और पैसे लेकर फरार होती थी लड़कियां
FakeMarriageRacket: हरियाणा के डबवाली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां राजस्थान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय फर्जी शादी ठगी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड रेशम सिंह को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी तब हुई जब आरोपी एक शादी समारोह की रिसेप्शन पार्टी में सिरसा हाईवे स्थित डबवाली की डेरा सच कैंटीन में मौजूद था। पुलिस की अचानक कार्रवाई से समारोह में भगदड़ मच गई और पूछताछ में सामने आया कि न तो लोगों को लड़की का नाम पता था, न ही उसकी पहचान।
जैसे ही पुलिस को शक हुआ, उन्होंने लड़की के पिता, बिचौलिए और अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की, जो सभी फर्जी निकले। इस पर राजस्थान पुलिस ने हरियाणा पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद डायल 112 और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी रेशम सिंह को राजस्थान पुलिस अपने साथ ले गई। आरोपी की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी रेशम सिंह पुत्र बहादुर सिंह के रूप में हुई है, जो हाल ही में डबवाली के सुंदर नगर में किराये पर रह रहा था।
रेशम सिंह के खिलाफ राजस्थान के बीकानेर जिले के कलायत थाना में 27 मार्च 2024 को दर्ज मुकदमे में वह वांछित था और उसे PO (Proclaimed Offender) घोषित किया जा चुका था।
रेशम सिंह पहले भी कई फर्जी शादियों को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार वह लड़कियों को दुल्हन बनाकर शादी करवाता था, जो 4-5 दिन तक लड़के के घर पर रहकर विश्वास जीतती थीं और फिर गहने या नकदी लेकर फरार हो जाती थीं। इन शादियों के लिए वह फर्जी माता-पिता और रिश्तेदारों को भी शामिल करता था।
जांच में खुलासा हुआ कि लड़की का परिवार भी नकली था और जैसे ही सच्चाई सामने आई, मोगा जिले के नवाचंद गांव से आए लड़के का परिवार शादी के बिना ही दुल्हन की जगह लहंगा लेकर लौट गया। यह मामला न केवल पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है, बल्कि यह शादी के नाम पर होने वाली ठगी की एक खतरनाक साजिश को भी उजागर करता है।