Copy of Copy of हिमाचल में फोरलेन के खिलाफ गरजे लोग NHAI को घेरा 32

हरियाणा CET: 21 हजार छात्रों को नहीं मिला एडमिट कार्ड, हाईकोर्ट ने मांगा HSSC से जवाब!

हरियाणा की बड़ी खबर

हरियाणा CET: 21 हजार अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड न मिलने पर हाईकोर्ट ने HSSC से मांगा जवाब

26-27 जुलाई को होनी है परीक्षा, तकनीकी गड़बड़ी के कारण हजारों उम्मीदवार वंचित

मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को, HSSC को देना होगा लिखित जवाब

Whatsapp Channel Join


चंडीगढ़, हरियाणा: हरियाणा में 26 और 27 जुलाई को होने वाली कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा से ठीक पहले, 21 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड न मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) से जवाब तलब किया है।

इस संबंध में कई याचिकाएं हाईकोर्ट में दाखिल की गई हैं। हाईकोर्ट इन याचिकाओं पर 25 जुलाई को अगली सुनवाई करेगा।

याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील रविंद्र ढुल ने आज पंचकूला में जानकारी देते हुए बताया कि HSSC ने मई 2025 में CET परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी किया था, जिसमें आवेदन की अंतिम तिथि 14 जून और ऑनलाइन फीस जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून निर्धारित की गई थी।

रविंद्र ढुल ने बताया कि कई उम्मीदवारों ने समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उनके एक्नॉलेजमेंट दस्तावेज अपलोड होने के बावजूद आयोग की साइट पर शो नहीं हुए। इसी तकनीकी खामी के चलते 21 हजार से अधिक उम्मीदवारों को उनके एडमिट कार्ड जारी नहीं किए गए।

ढुल ने कहा कि उनकी याचिका एडमिट कार्ड न मिलने की है, और इस मामले में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन को शुक्रवार को लिखित में जवाब दाखिल करना है। रविंद्र ढुल ने यह भी बताया कि कोर्ट के समक्ष उन मामलों का भी हवाला दिया गया है, जहां कुछ उम्मीदवारों ने एक्नॉलेजमेंट दस्तावेज अपलोड नहीं किए थे, फिर भी उन्हें एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए। यह स्थिति उन 21 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है, जो परीक्षा से ठीक पहले अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।