- हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम चंडीगढ़ सचिवालय की VIP लिफ्ट में 8 अन्य लोगों के साथ फंस गए।
- लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण करीब 5 मिनट तक अटकी रही, बाद में तकनीशियनों की मदद से मंत्री को बाहर निकाला गया।
- यह पहली घटना नहीं है; 6 महीने पहले कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी पंचकूला में लिफ्ट में फंस चुके हैं।
Haryana Sports Minister Trapped in VIP Lift: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम बुधवार को चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय की VIP लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी के चलते फंस गए। इस लिफ्ट में उनके साथ कुल 8 अन्य लोग भी मौजूद थे। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री सचिवालय की 7वीं मंजिल पर स्थित अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे। अचानक बिजली चली गई और लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई। हालांकि कुछ समय बाद बिजली लौट आई, मगर लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया।
करीब 5 मिनट तक मंत्री व अन्य लोग लिफ्ट में फंसे रहे। जैसे ही अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली, सुरक्षा व तकनीकी टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया, जिन्होंने लिफ्ट को चालू कर मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला।
लिफ्ट में फंसे लोगों ने इस दौरान हंसी-मजाक भी किया। किसी ने मजाक में कहा, “ये लिफ्ट अब आधा घंटा तो ऐसे ही रुकी रहेगी,” जिस पर अन्य लोगों ने चिंता के साथ-साथ ठहाके भी लगाए। खेल मंत्री ने लिफ्ट संचालक से बात कर तकनीकी समस्या के बारे में जानकारी ली।
बता दें कि सिविल सचिवालय में कुल 4 लिफ्ट हैं, जिनमें से एक आम जनता, एक मुख्यमंत्री, एक मंत्रियों और एक अधिकारियों के लिए रिजर्व है। गौरव गौतम मंत्री विशेष लिफ्ट में फंसे थे।
यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले करीब 6 महीने पूर्व कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पंचकूला स्थित BJP ऑफिस की लिफ्ट में फंस गए थे। उस समय उनके साथ MLA रणधीर पनिहार और अन्य लोग भी थे, जिन्हें करीब 25 मिनट बाद मुश्किल से बाहर निकाला गया था।